प्रेमिका की दोस्ती रास ना आने पर युवक ने महिला पर फेंका तेजाब

नोएडा पुलिस ने बताया कि महिला करीब 35 फीसदी जल चुकी है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला की और लोगों से दोस्ती से नाराज था।

स्टार एक्सप्रेस

डेस्क. दिल्ली से सटे नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका पर बीती रात कथित तौर पर तेजाब फेंक दिया। अत्यंत गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित महिला पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि महिला करीब 35 फीसदी जल चुकी है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला की और लोगों से दोस्ती से नाराज था। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी है।

पुलिस कमिश्ननर आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मामूरा गांव में रहने वाला विकास (28 वर्ष) एक 30 वर्षीय महिला सोनिया (काल्पनिक नाम) से प्रेम करता था। पुलिस ने बताया कि महिला शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, महिला कुछ समय पूर्व अपने पति को छोड़कर विकास के साथ तीन बच्चों को लेकर मुंबई चली गई थी, लेकिन वहां दो वर्ष रहने के बाद दोनों बच्चों के साथ मामूरा गांव में वापस आ गए।

ये भी पढ़े

झारखंड: बिजली की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत

उन्होंने बताया कि बीती रात को विकास ने महिला पर तेजाब फेंक दिया, जिसकी वजह से वह बुरी तरह से झुलस गई। पुलिस ने बताया कि उसे इलाज के लिए पहले नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन वहां उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विकास महिला से कथित तौर पर प्रेम करता था और दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे। उन्होंने कहा कि जब विकास महिला को मुंबई से लेकर नोएडा आया, तब मामूरा गांव में रहने वाले कुछ अन्य लोगों से महिला की दोस्ती हो गई, जिससे विकास काफी परेशान था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तेजाब फेंकने वाले आरोपी विकास को शुक्रवार दोपहर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। पुलिस ने बताया कि विकास के पास से देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने तेजाब कहां से खरीदा था। तेजाब बेचने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button