डीएम ने स्कूल चलो अभियान और विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारम्भ

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता

सुलतानपुर. जनपद में स्कूल चलो अभियान-2024, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण समारोह और माह भर चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 से 31 जुलाई, 2024) कार्यक्रम का शुभारम्भ सोमवार को विकास खण्ड दूबेपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक व बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतीक स्वरूप पॉच छात्र- छात्राओं को शैक्षिक वर्ष 2024-25 हेतु निःशुल्क पाठ्य सामग्री का वितरण किया। जिलाधिकारी महोदया ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्कूल चलो अभियान को सफल बनायें। उन्होंने कहा कि सभी अध्यापकों व अभिभावकों का यह कर्तव्य है कि अब कोई भी बच्चा अशिक्षित नहीं रहना चाहिये। इसके बाद स्कूल चलो अभियान-2024 के अन्तर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर परिसर से जिलाधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो अभियान-2024, हेतु जागरूकता रैली को रवाना किया गया।

इसके बाद विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना व मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया।

गाैरतलब है कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 जुलाई से 31 जुलाई, 2024 व दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई, 2024 तक चलाया जायेगा। इस दौरान आशा कार्यकत्रियों द्वारा हर घर का भ्रमण कर संचारी रोगों से बचाव तथा इसके लक्षणों एवं उपचार सुविधाओं के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही डेंगू, मलेरिया, फाईलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग के लक्षणयुक्त रोगियों की खोजकर जॉच एवं उपचार हेतु सूची बनायेंगे।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर टीपी. सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ला, उच्च प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर प्रधानाध्यापक शिव बहादुर सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी दूबेपुर राम तीर्थ वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button